एनएच-24 पर सोमवार रात साढे़ आठ बजे एक कार पलटते हुए हाईवे किनारे पेड़ से जा टकराई। कार में छह दोस्त सवार थे, जो शादी समारोह से लौट रहे थे। इनमें से तीन की मौत हो गई और तीन घायल हैं।
मसूरी पुलिस ने घायलों को कोलंबिया और सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस हादसे की वजह तेज रफ्तार और ड्रंकन ड्राइविंग मान रही है।
सीओ सदर अनिल यादव ने बताया कि कार सवार दीपक कुमार जोगी (20), अंचल मित्तल (23), सौरभ कुमार (22), विपिन प्रजापति (22), मोहित राणा (20) और विक्की राजपूत (22) दोस्त थे।
पिलखुवा स्थित सर्वोदय नगर कालोनी के रहने वाले थे। ये मोहित के भाई की शादी में भोपुरा गाजियाबाद आए थे, लौटते समय हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार चालक ने एकेजी कॉलेज के पास ब्रेक लिए।
कार अनियंत्रित होकर पलटते हुए हाईवे किनारे पेड़ से जा टकर्राई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से सवारों को कार से बाहर निकला। पुलिस ने बताया कि दीपक, अंचल और सौरभ की अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई।
विपिन, मोहित और विक्की घायल हैं। अंचल फैक्ट्री में नौकरी करता था और दीपक इलेक्ट्रीशियन था। विक्की 12वीं का छात्र है। कार सौरभ चला रहा था।