जम्मू कश्मीर के उड़ी स्थित सैन्य मुख्यालय पर आतंकी हमले के विरोध में गोरक्षा हिंदू दल के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जीटी रोड पर जाम लगाकर पाकिस्तान का पुतला फूंका। वहीं दादरी में कैंडल मार्च निकाला।
रविवार को आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों के सम्मान में समाजसेवी आजाद मलिक के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने तहसील गेट से जीटी रोड तक पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए कैंडल मार्च निकाला। रोडवेज बस अड्डे पर पाकिस्तान का झंडा जलाया। इस मौके पर हाजी मोहम्मद अली, कल्लू अब्बासी, युसूफ सैफी, कपिल शर्मा, राजीव गौतम मौजूद रहे।
वहीं जीटी रोड स्थित पटवारी के बाग पर गोरक्षा हिंदू दल के कार्यकर्ता एकत्र हुए। उन्होंने आतंकी हमले के विरोध में पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष वेद नागर ने कहा कि आतंकी हमले में 18 जवान शहीद हो गए। गोरक्षा हिंदू दल के लोग बिना वेतन के देश सेवा करने को तैयार है। कब तक देश के जवानों को शहीद कराते रहोंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री से आंतकियों को मुंहतोड़ जवाब देने की मांग की। करीब एक घंटे बाद जीटी रोड करीब एक घंटा जाम लगाने के बाद खोला गया।