एक जनवरी से डीबीटीएल स्कीम लागू होने के कारण बुधवार आधी रात से एक लाख से ज्यादा सिलेंडर की बुकिंग कैंसल हो जाएगी। इसलिए पहले से बुक सिलेंडर आपके घर नहीं पहुंचेगा और आपको दोबारा बुकिंग करानी होगी। इसका कारण तारीख और बुकिंग सॉफ्टवेयर का बदलना बताया जा रहा है।
गैस एजेंसी में आधार कार्ड और बैंक में अकाउंट नंबर रजिस्टर्ड करा चुके उपभोक्ताओं को बृहस्पतिवार से मार्केट रेट पर सिलेंडर मिलेंगे। जो उपभोक्ता आधार कार्ड जमा करने से रह गए हैं वह 31 मार्च तक एजेंसी में रजिस्टर्ड करा सकते हैं। इस बीच उन्हें सब्सिडी सिलेंडर ही दिया जाएगा और निर्धारित डेट के बाद मार्केट रेट पर सिलेंडर दिया जाएगा।
केंद्र सरकार की डीबीटीएल योजना एक जनवरी से शुरू हो रही है। योजना के तहत उपभोक्ताओं को सब्सिडी सिलेंडर की धनराशि अब सीधे उनके एकाउंट में भेजी जाएगी।
वेस्टर्न यूपी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष ईरेश कुमार ने बताया कि नये साल में सबसे ज्यादा परेशानी बुकिंग को लेकर है। डेट और सॉफ्टवेयर बदलने से एक लाख से ज्यादा पूर्व की बुकिंग बुधवार आधी रात से कैंसल हो जाएगी। नई बुकिंग होगी, इससे बैकलॉग भी 8 से 10 दिन का बढ़ेगा।