शहर की सभी बिल्डर साइटों पर निगरानी के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एक कमेटी गठित की है। प्रदूषण से शहर को बचाने के लिए यह कमेटी गठित की गई है। जिलाधिकारी द्वारा शहर में प्रदूषण से संबंधित समस्या आने पर प्राधिकरण को पत्र लिखा गया था।
ग्रेटर नोएडा में बिल्डिंग निर्माण में प्रदूषण मानकों की अनदेखी करने पर कुछ माह पूर्व एनजीटी ने शहर में जल और वायु प्रदूषण को लेकर सख्ती की थी। कुछ समय तक तो बिल्डर कंपनियों ने इनका पालन किया पर समय बीतने के बाद दोबारा से प्रदूषण मानकों पर कई बिल्डर कंपनियों ने निर्माण के दौरान मानकों में अनदेखी करना शुरू कर दिया।
पिछले दिनों दिल्ली समेत अन्य शहरों में प्रदूषण के खिलाफ चल रही मुहिम में प्राधिकरण चेयरमैन रमारमण और जिलाधिकारी एनपी सिंह ने सख्ती से मानकों का पालन करने के लिए मुहिम चलाई है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी द्वारा बिल्डिंग निर्माण में प्रदूषण मानकों और जल के दोहन के खिलाफ जांच करने के लिए पत्र लिखा है।
इसी पर कार्रवाई करते हुए निगरानी कमेटी गठित की है। प्राधिकरण के एसीईओ पीसी गुप्ता ने बताया कि कमेटी में ओएसडी, महाप्रबंधक परियोजना, सीनियर मैनेजर नियोजन को रखा गया है जो निर्माणाधीन साइटों पर जाकर प्रदूषण मानकों की जांच करेंगे।