दिल्ली विश्वविद्यालय में 3 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं खेल कोटे से कॉलेज में एंट्री लेंगे। खेल कोटे से दाखिले के लिए फिटनेस टेस्ट व ट्रायल के बाद कॉलेजों में दाखिले के लिए लगभग 3500 छात्र चयनित किए गए हैं। अब इन छात्रों की मेरिट (खेल के मुताबिक) 8 जुलाई को जारी की जाएगी। खेल कोटे से दाखिले के लिए इस बार 10,351 आवेदन प्राप्त हुए। जिसमें से 6,446 छात्र ही फिटनेस टेस्ट व ट्रायल के लिए योग्य पाए गए। अब इन छात्रों में से तीन हजार से अधिक का चयन दाखिले के लिए हुआ है।
डीयू स्पोर्ट्स काउंसिल अध्यक्ष प्रो. सीएस दुबे ने बताया कि फिटनेस टेस्ट व ट्रायल की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अब छात्रों की सूची तैयार की जा रही है। 28 कॉलेजों के लगभग 40 खेलों के लिए यह प्रक्रिया 2 जुलाई को संपन्न हुई। डीयू वेबसाइट पर 8 जुलाई को मेरिट सूची जारी की जाएगी। इस सूची के आधार पर कॉलेजों में खेल कोटे के दाखिले 8 जुलाई से ही शुरू होंगे। दाखिला मंजूर होने पर ऑनलाइन फीस भुगतान डीयू पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
स्पोर्ट्स कोटे के लिए दाखिला शेड्यूल
दस्तावेजों की जांच 8-9 जुलाई
खेल कोटे के दाखिले की पहली सूची 9 जुलाई
कॉलेज में दाखिले 11 व 12 जुलाई
दस्तावेजों की जांच 13 व 14 जुलाई
खेल कोटे के दाखिले की दूसरी सूची 14 जुलाई
कॉलेज में दाखिले 15 व 16 जुलाई
दस्तावेजों की जांच 18 व 19 जुलाई
खेल कोटे के दाखिले की तीसरी सूची 19 जुलाई
कॉलेज में दाखिले 20 व 21 जुलाई