शहर के कालेजों में स्नातक पहले सेमेस्टर में दाखिले के लिए विद्यार्थियों की खासी भीड़ पहुंच रही है। दूसरी कट आफ मेरिट जारी होने के बाद कालेजों में निर्धारित कोटे की अधिकांश सीटों पर दाखिले हो गए हैं, लेकिन कुछ विषयों में बची हुई सीटों पर आगामी दस जुलाई को तीसरी कट आफ मेरिट भी जारी की जाएगी।
इस बार कंप्यूटर एप्लीकेशन, ज्योग्राफी, जियोलाजी, फंक्शनल इंग्लिश, आर्ट्स आदि में अंक प्रतिशत अधिक रहा है, जिससे निर्धारित सीटों पर कोटा भरने के बाद भी सैकड़ों विद्यार्थियों को मेरिट सूची में नाम न आने पर निराश होना पड़ रहा है।
दाखिले के लिए पहुंच रहे विद्यार्थियों में कालेज लाइफ को लेकर जबरदस्त उत्साह है। दाखिले के लिए विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक पहुंच रहे हैं। महिला कालेज गांधीनगर में दाखिले के लिए पहुंची मीनाक्षी जैन ने कहा कि उन्हें दूसरी कट आफ मेरिट में नाम आने से खुशी है, लेकिन निराशा यह है कि उसके कई साथियों का नाम इसमें नहीं आया है।
मनपसंद विषयों को पाने के लिए मेरिट सूची में कांटे की टक्कर रही है। कट आफ मेरिट सूची में नाम न आने से बचे हुए विद्यार्थियों ने दूसरा विकल्प ढूंढना शुरू कर दिया है। इसमें डिस्टेंस एजूकेशन बेहतर विकल्प रहेगा। कई कालेजों ने निर्धारित से थोड़ी अधिक सीटें रखी हैं।
इसमें एमबीबीएस और बीडीएस में दाखिले होने के बाद कई विद्यार्थी बाहर निकल जाएंगे, जिससे मेरिट के आधार पर दूसरे विद्यार्थियों को दाखिले में मौका दिया जाएगा। रियासत में नीट के तहत 24 और बीओपीईई की ओर से 31 जुलाई को सीईटी का आयोजन किया जा रहा है। इसमें बारहवीं में उत्तीर्ण हुए हजारों विद्यार्थी बैठ रहे हैं। निर्धारित सूची के बाद तीसरी कट आफ मेरिट की भी तैयारी की जा रही है।