देशभर के विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में नुक्कड़ नाटक व रंगमंच के उभरते कलाकारों को पहचान देने और देश की संस्कृति को युवाओं तक पहुंचाने के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय में उड़ान उत्सव-2016 का आयोजन होने जा रहा है।
आगामी 20 सितंबर से शुरू होने वाले तीन दिवसीय आयोजन में शिक्षकों, प्राचार्यों और छात्रों को बुलाने के लिए सोमवार को बीजेपी सांसद मनोज तिवारी और गायिका मालिनी अवस्थी डीयू के नॉर्थ कैंपस में परिक्रमा करेंगे।
इस आयोजन में रंगमंच से लेकर बॉलीवुड में अपनी पहचान बना चुके कलाकार भी शामिल हो रहे हैं। इनमें अनुपम खेर, मालिनी अवस्थी, डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी, अभिनेता रवि किशन, संगीतकार अनु मलिक और नीतिश भारद्वाज के नाम प्रमुख हैं।
कार्यक्रम के मीडिया संयोजक सौरभ शर्मा के मुताबिक यह आयोजन 20 से 22 सितंबर तक चलेगा इसमें कुल 40 नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। पुरस्कार वितरण समारोह हंसराज कॉलेज में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को निखारने के लिए एक विशेष कार्यशाला का आयोजन 26 सितंबर को किया जाएगा।