देश भर में सेंट्रल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीटीईटी) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया बुधवार (22 जून) से शुरू हो गई है। सीटीईटी के लिए 18 जुलाई तक आवेदन किया जा सकता है। सामान्य व ओबीसी वर्ग को पेपर-1 या पेपर-2 मेें से किसी एक के लिए 600 रुपये का भुगतान करना होगा जबकि दोनों पेपर के लिए 1000 रुपये चुकाने होंगे। इसी तरह से एससी-एसटी व दिव्यांग वर्ग को किसी एक पेपर के लिए 300 रुपये जबकि दोनों पेपर के लिए पांच सौ रुपये का भुगतान करना होगा। फीस का भुगतान 19 जुलाई दोपहर 3.30 बजे तक कर सकेंगे।
देश भर में सीटीईटी की परीक्षा 18 सितंबर 2016 को होगी। इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन www.ctet.nic.in पर किया जा सकता है। आवेदन फॉर्म में 20 से 25 जुलाई तक ऑनलाइन सुधार कर हो सकेगा। आवेदन फॉर्म भरते समय आवेदक को फॉर्म में अपना मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी को देना होगा। इससे सीटीईटी से संबंधित अलर्ट उम्मीदवार के पंजीकृत मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पर ही भेजे जाएंगे।
पेपर-2 की परीक्षा पहली पाली सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। जबकि पेपर-1 की परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से 4.30 बजे तक होगी। आवेदन शुल्क का भुगतान चालान, डेबिट व क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किया जा सकता है। परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 17 अगस्त से डाउनलोड किए जा सकेंगे। परीक्षा के नतीजे नवंबर में घोषित किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि सीबीएसई की ओर से साल में 2 बार इस परीक्षा का आयोजन किया जाता है।