डीयू में रेगुलर कोर्सेज में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वहीं अब तक स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) की आवेदन प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। इस आवेदन प्रक्रिया के शुरू होने पर अगले सप्ताह तक स्थिति साफ होने की संभावना है।
अगले सप्ताह एसओएल प्रशासन को डिस्टेंस एजुकेशन बोर्ड (डीईबी) में प्रेजेंटेशन देना है। इसके बाद उन्हें दाखिला प्रक्रिया शुरू करने की औपचारिक मंजूरी मिल सकती है। इसके बाद ही एसओएल की दाखिला प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा।
स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग के निदेशक प्रो. सीएस दुबे ने बताया कि आगामी 7 जून को डिस्टेंस एजुकेशन बोर्ड में प्रेजेंटेशन देना है। ऐसे मे उसके एक से दो दिन के अंदर औपचारिक मंजूरी मिलने की संभावना है।
डीईबी से हरी झंडी मिलते ही 10 से 15 जून के बीच दाखिला प्रक्रिया शुरू हो सकती है। उन्होंने कहा कि दाखिले से जुड़े सवालों के लिए एसओएल में दस फोन लाइंस की व्यवस्था है। वहीं इस बार दाखिले से जुड़े सवालों के लिए ई-मेल पर भी सवाल लिए जाएंगे और उनके जवाब दिए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग में रेगलुर कॉलेजों में होने वाले दाखिलों से अधिक दाखिले होते हैं, जिन भी छात्रों को रेगुलर कॉलेजों में दाखिला नहीं मिल पाता है।
वह एसओएल का रुख करते हैं। रेगुलर कोर्सेज की तरह ही इस बार एसओएल की दाखिला प्रक्रिया भी पूरी तरह से ऑनलाइन होगी। केवल बीपीएल व ईओएसी (दिव्यांग) को ऑफलाइन व ऑनलाइन दाखिले का विकल्प मिलेगा। एसओएल के उत्तरी व दक्षिणी परिसर से ऑफलाइन फॉर्म लिए जा सकेंगे।