दिल्ली के निजी स्कूलों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए आरक्षित खाली पड़ी सीटों के लिए दोबारा से ड्रॉ निकाला जाएगा। आधा सत्र बीत जाने के बाद भी जब सीटें नहीं भरी तो दिल्ली सरकार ने यह फैसला लिया है।
शिक्षा निदेशालय ने आदेश जारी कर आगामी 26 अक्तूबर को कंप्यूटर आधारित लॉटरी निकालने की घोषणा की है। शिक्षा निदेशालय के मुताबिक निजी स्कूलों में 25 फीसदी आरक्षित सीटों के लिए कुल 70 हजार आवेदन मिले थे। इन सीटों की संख्या 28 हजार निर्धारित है। इसके लिए दो बार लॉटरी निकाली जा चुकी है।
पहले चरण में फरवरी जबकि दूसरे चरण में मई में दाखिले हुए फिर भी इस कोटे की सीटें खाली पड़ीं हैं। अब फिर से इसके लिए लॉटरी निकाली जाएगी। शिक्षा निदेशालय ने इसके लिए बाकायदा निर्देश भी जारी किया है, जिसमें स्कूलों से प्राप्त खाली सीटों का ब्योरा ऑनलाइन उपलब्ध कराया गया है।
यदि इस सूचना पर भी किसी को आपत्ति है तो वह शिक्षा निदेशालय में आगामी 21 अक्तूबर तक अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। आगामी 26 अक्तूबर को इस संबंध में खाली सीटों के लिए लॉटरी निकाला जाएगा जिसके बाद दाखिला शुरू होगा।