केंद्रीय विद्यालय संगठन ने बेहतर परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों व प्रिंसिपल को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया है। संगठन इसके लिए 2015-16 के अंतर्गत विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले शिक्षकों व प्रिंसिपल को प्रमाण-पत्र प्रदान करेगा।
इसके तहत 3488 शिक्षक व प्रिंसिपल सम्मानित होंगे। इन प्रमाण पत्र को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। जिसमें प्राचार्य, स्नातकोत्तर शिक्षक (कक्षा-12) एवं स्नातक शिक्षक-स्नातकोत्तर शिक्षक (कक्षा-10) को रखा गया है।
संगठन आयुक्त संतोष कुमार मल्ल एवं संगठन अपर आयुक्त (शैक्षिक) उदय नारायण खवाड़े यह प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे। ऐसे प्रिंसिपल को प्रमाण पत्र दिया जाएगा, जिनके नेतृत्व में स्कूलों में कक्षा 10 व 12 में 100 प्रतिशत परिणाम हासिल करने के साथ-साथ कक्षा-12 में गुणात्मक सूचकांक 65 या उससे ऊपर रहा और कक्षा 10 में 20 प्रतिशत बच्चों ने 10-10 सीजीपीए प्राप्त किया हो।
10वीं व 12वीं कक्षा में ऐसे उत्कृष्ट परिणाम देने वाले 107 प्रिंसिपल शामिल हैं। वहीं 12वीं कक्षा में विभिन्न विषयों के ऐसे स्नातकोत्तर शिक्षकों को प्रमाण पत्र दिया जाएगा, जिन्होंने अपने-अपने विषयों में उच्च गुणात्मक सूचकांक के साथ 100 प्रतिशत परिणाम हासिल किए हैं। ऐसे लगभग 1929 शिक्षक हैं, जबकि कक्षा 10वीं के विभिन्न विषयों में कुल 1452 शिक्षकों को चयनित किया गया है।