दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनावों में जीत के लिए एनएसयूआई ने रियो ओलंपिक में लड़कियों के प्रदर्शन को हथियार बनाया है। एनएसयूआई ने हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रही लड़कियों को फोकस में रखते हुए पहली बार चुनावों के लिए छात्राओं का घोषणा पत्र तैयार किया है।
घोषणा पत्र में डूसू को फतह करने के लिए लड़कियों को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों को शामिल किया है। डूसू 2016 पर निशाना साधने केलिए एनएसयूआई ने अपने महिला घोषणा पत्र में प्रत्येक कॉलेज में ओपन जिम, स्पोर्ट्स की प्रत्येक श्रेणी में अनिवार्य रुप से लड़कियों की टीम जैसे मुद्दों को जगह दी है।
दिल्ली विश्वविद्यालय केशंकर लाल हॉल में छात्रा सम्मेलन में जारी किए गए घोषणा पत्र कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं एआईसीसी महासचिव आस्कर फर्नाडिस, व दिल्ली कांग्रेस प्रवक्ता शर्मिष्ठा मुखर्जी व एनएसयूआई राष्ट्रीय अध्यक्ष अमृता धवन उपस्थित थी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अमृता धवन ने कहा कि डीयू के45 कॉलेजों में जाकर 15,000 से ज्यादा छात्राओं से बातचीत करके यह घोषणापत्र तैयार किया है। चारों सीटों पर जीत का दावा करने वाली एनएसयूआई ने छात्राओं के घोषणा पत्र में स्पष्ट किया है कि देश के लिए रियो ओलंपिक में लड़कियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
ऐसे में जरुरी है कि कॉलेज स्तर पर भी विभिन्न स्तरों पर खेलने वाली लड़कियों को आगे बढ़ाया जाए। केवल छात्राओं के लिए जारी इस घोषणा पत्र में एनएसयूआई ने प्रत्येक कॉलेज में प्रोटीन डाइट, व फिजियोथेरिपिस्ट, जैसे मुद्दों को हिस्सा बनाया है। इसकेअलावा भगिनी निवेदिता कॉलेज में बंद किए गए फिजिकल एजुकेशन कोर्स को दुबारा शुरू करने जैसे मुद्दे को रखा है।
घोषणा पत्र की अन्य मुख्य बातें
1. प्रत्येक कॉलेज में महिला स्वास्थय सलाहकार।
2. आउटर कैंपस कॉलेज जैसे भगिनी निवेदिता, अदिति कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, लक्ष्मीबाई कॉलेज में हॉस्टल की सुविधा।
3. सुरक्षा के लिए कॉलेज परिसर में सीसीटीवी।
4. हर कॉलेज में आत्म सुरक्षा वर्कशाप।
5. रियायती दरों पर प्रत्येक कॉलेज में सैनेटरी नैपकिन उपलब्ध कराना।