अब शिक्षा निदेशालय खुद कट ऑफ लिस्ट जारी करेगा। क्योंकि विभाग को अक्सर कट ऑफ में शिकायतें मिलती थीं। बता दें कि विभाग द्वारा कटऑफ लिस्ट तैयार करके सभी कॉलेजों को भेजी जाएंगी। इसके बाद कॉलेजवार वेबसाइट पर ऑनलाइन कटऑफ लिस्ट जारी होगी और सूचना बोर्ड पर भी चस्पा की जाएगी।
दरअसल, निदेशालय को शिकायत मिलती रही है कि कई कॉलेज कट ऑफ लिस्ट में फर्जीवाड़ा करते हैं। प्रभावी लोग अपने समर्थकों के दाखिले को लेकर दबाव बनाते हैं। इस कारण कट ऑफ लिस्ट में छेड़छाड़ होती है। पिछली बार ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया अपनाए जाने के बावजूद कई लोगों ने कटऑफ लिस्ट पर सवाल उठाए थे।
विद्यार्थी संगठनों द्वारा कम अंक लाने वाले को दाखिला देने के आरोप भी लगाए गए थे। जिसके विरोध में सैकड़ों विद्यार्थियों ने कॉलेज गेट व उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन भी किया। इसी वजह से दाखिले को ऑनलाइन करने के बाद अब कटऑफ लिस्ट तैयार करने का काम भी विभाग ने अपने हाथ में ले लिया है।
विभाग की इस सख्ती के कारण इस बार कॉलेज सिर्फ आवेदन करने वाले छात्रों के प्रतिशत अंक को चेक करके निदेशालय में एक रफ कटऑफ सूची भेजेगा और फिर विभाग इस पर काम करेगा।
नेहरू कॉलेज की प्रधानाचार्य विमला विश्रोई ने बताया कि इस बार उच्चतर विभाग की ओर से कटऑफ लिस्ट जारी की जाएगी। कॉलेज की ओर से अंक चेक करने के लिए विशेषज्ञों की टीम गठित की गई है, जोकि एक सूची तैयार करके निदेशालय को भेजेंगी। इसके बाद निदेशालय से ऑनलाइन सूची अपलोड करने के लिए निर्देश सभी कॉलेजों को मिलेंगे।
दाखिले का शेड्यूल
आवेदन की अंतिम तिथि: 30 जून
आवेदन की जांच पड़ताल: 4 जुलाई
पहली कटऑफ लिस्ट: 6 जुलाई
दूसरी कटऑफ लिस्ट: 9 जुलाई
तीसरी कटऑफ लिस्ट: 13 जुलाई