दिल्ली विश्वविद्यालय ही नहीं एमडीयू से संबंधित शहर के कॉलेजों में भी दाखिला का सपना देख रहे छात्रों के लिए इस बार कटऑफ बहुत हाई रहेगी। इस सत्र में जहां आवेदनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है, वहीं सीबीएसई और हरियाणा बोर्ड से 90 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करने वाले आवेदकों ने भी अपने शहर के कॉलेज को अपनी पहली पसंद बनाया है।
नेहरू कॉलेज के आकड़ों के अनुसार 1600 सीटों पर अबतक 8000 से अधिक आवेदन भरे जा चुके हैं, जिनमें से 55 फीसदी बच्चे 87 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले हैं। शहर के तमाम सरकारी व निजी कॉलेजों में आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून नजदीक आते ही आवेदन करने वालों की खासी भीड़ देखने का मिल रही है।
आवेदन में भी अभी आठ दिन शेष है। अबतक शहर के तमाम नेहरू कॉलेज, अग्रवाल कॉलेज, दयानंद कॉलेज, डीएवी राजकीय कॉलेज तिगांव व राजकीय महिला कॉलेजों में 18000 छात्र आवेदन कर चुके हैं।
कॉलेजवार एक सीट पर कम से कम तीन छात्रों की दावेदारी तय हो चुकी है। ऐसे में अनुमान लगाया जा सकता है कि स्ट्रीम कोई भी हो, लेकिन उसकी कटऑफ बहुत हाई रहेगी।
डीएवी कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स, बीएससी नॉन मेडिकल और बीबीए कटऑफ ज्यादा रहेगी। जानकारी देते हुए प्राचार्य सतीश अहूजा ने बताया कि बीकॉम ऑनर्स में 120 के लिए 745 आवेदन आ चुके है।
इसमें 85 प्रतिशत से अधिक अंक वालों की संख्या अधिक है। इस कोर्स की लास्टकट ऑफ 82 प्रतिशत पर रूकेगी। इसी तरह नॉन मेडिकल में और कम्प्यूटर सांइस में मारा मारी रहेगी।
नॉन मेडिकल में 60 सीटों पर 340 छात्र और कम्प्यूटर सांइस में भी 60 सीटों पर 104 विद्यार्थी आवेदन कर चुके है। ज्यादातर संख्या 89 से अधिक अंक वालों की है।
नेहरू कॉलेज की प्रधानाचार्य विमला विश्नोई ने बताया कि अधिकांश कोर्स की पहली कटऑफ 89 प्रतिशत अधिक रहेगी। इस बार जिन विद्यार्थीयों के सीबीएसई बोर्ड में 90 प्रतिशत से अधिक अंक आए है उन्होंन नेहरू कॉलेज से पढ़ाई करने में रूचि दिखाई है। ऐसे आवेदकों की संख्या करीब 1800 से है।