एनआईटी-3 स्थित डीएवी शताब्दी कॉलेज में बृहस्पतिवार से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कॉलेज के आईटी विभाग द्वारा डिजिटल प्रॉस्पेक्टस कॉलेज की वेबसाइट पर सुबह 9 बजे लांच कर दिया जाएगा।
जिसके बाद कॉलेज में दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थी विभिन्न कोर्स के लिए आवेदन कर सकते है। प्राचार्य सतीश अहूजा ने बताया कि विद्यार्थी घर से या कॉलेज में आकर भी आवेदन कर सकते हैं। उनके लिए 100 कंप्यूटरों की एक लैब बनाई गई है।
जिसमें ट्रेंड कर्मचारी व वरिष्ठ छात्र आवेदन करने में उनकी मदद करेंगे। उन्होंने बताया कि यह कॉलेज एमडीयू से संबंधित है। सभी एमडीयू कॉलेजों में 5 जून से ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। लेकिन इस कॉलेज में पहली बार डिजिटल प्रॉस्पेक्टस लांच किया गया है।
उन्होंने बताया कि कॉलेज में करीब 1700 सीटें है, जिसमें हर साल 15 हजार से अधिक आवदेन फॉर्म की बिक्री होती है। पेपर की बचत को ध्यान में रखते हुए ही यह प्रॉस्पेक्टस लांच किया गया है। यह प्रॉस्पेक्टस कॉलेज की वेबसाइट पर उपलब्ध होगा।