चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से संबद्घ कॉलेजों में सात जून को होने वाली परीक्षाएं अब 13 जून से शुरू होंगी। इसके लिए यूनिवर्सिटी ने अपनी वेबसाइट पर परीक्षा कार्यक्रम को अपडेट कर दिया है।
लॉ परीक्षाओं को नकल विहीन कराने के लिए विश्वविद्यालय ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। यदि किसी भी कॉलेज में नकल होती पाई गई तो संबंधित कॉलेज और प्राचार्य आदि के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
लॉ की सम सेमेस्टर परीक्षाएं सात जून से शुरू होनी थी, मगर अपरिहार्य कारणों के चलते परीक्षाओं को स्थगित कर दिया था। अब यूनिवर्सिटी की ओर से वेबसाइट पर लॉ परीक्षा की डेटशीट अपडेट कर दी है।
पहले सात से शुरू होकर 17 जून को समाप्त हो रही थी। मगर अब 13 से शुरू होकर 22 जून को परीक्षाएं समाप्त होंगी। वाइस चांसलर एनके तनेजा ने सभी कॉलेजों को निर्देशित किया है कि अगर किसी भी संस्थान में परीक्षाओं में नकल करने की जानकारी मिली तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, पिछले साल कुछ कॉलेजों में परीक्षाओं के दौरान नकल न करने देने पर छात्रों ने बवाल किया था।