जेएनयू में विश्वग्राम की ओर से कश्मीर समस्या, स्थिति और समाधान विषय पर शुक्रवार से शुरू होने वाला दो दिवसीय सेमिनार अब विश्वविद्यालय कैंपस में नहीं होगा।
विश्वविद्यालय स्थित जेएनयू कन्वेंशन सेंटर में 29 जुलाई से सेमिनार शुरू होना था लेकिन अब यह ओल्ड कैंपस स्थित आईआईएमसी सभागार में होगा। सेमिनार का स्थल जेएनयू में जारी दाखिला प्रक्रिया के चलते बदला गया है।
क्योंकि कार्यक्रम में वीवीआईपी के चलते छात्रों को दिक्कत होती। जेएनयू छात्रसंघ के संयुक्त सचिव व एबीवीपी पदाधिकारी सौरभ शर्मा के मुताबिक, कैंपस में एक अगस्त तक दाखिला प्रक्रिया जारी है।
कन्वेशन सेंटर में ही दाखिले आयोजित हो रहे हैं, जहां प्रतिदिन सैकड़ों छात्र पहुंचते हैं। जेएनयू सिक्योरिटी समेत दिल्ली पुलिस ने आयोजन स्थल को दो घंटे पहले खाली करने का निर्देश दिया था।
हालांकि कार्यक्रम स्थल खाली करवाने के लिए छात्रों को दाखिला स्थल से हटाना पड़ता। सौरभ के मुताबिक, कार्यक्रम में जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू, विदेश राज्यमंत्री रिटायर्ड जनरल वीके सिंह समेत कई विश्वविद्यालयों के कुलपति व बुद्धिजीवी हिस्सा लेंगे।