जामिया मिल्लिया इस्लामिया के 28 छात्रों ने भी संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी )की 2016 की परीक्षा में सफलता हासिल की है। जामिया स्थित रेजिडेंशियल कोचिंग अकेडमी से यूपीएससी परीक्षा की तैयारी करने वालों सफल छात्रों में से पांच को आईएएस, दो को आईपीएस की श्रेणी मिली है, जिसमें से एक छात्रा भी शामिल है। कुल सफल छात्रों में से नौ महिलाएं शामिल हैं।
कुलपति प्रो. तलत अहमद ने यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले छात्रों को बधाई दी है। कुलपति का कहना है कि यह छात्रों के कठिन परिश्रम का फल है। विश्वविद्यालय ने सफल छात्रों के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी है और उम्मीद जतायी है कि वे देशसेवा के लिए बेहतर काम करेंगे। वहीं, अकेडमी के डायरेक्टर प्रो.एमएफ फारूकी का कहना है कि सफल छात्रों में कुछ छात्र जामिया में ग्रेजुएशन की पढ़ाई भी कर रहे हैं।
यूपीएससी परीक्षा में 74 रैंक लेने वाले आरिफ अहसन जामिया स्कूल से पासआउट हैं और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। जबकि 125 रैंक लेने वाले शाहिल कासिम जामिया के ही सेंटर फॉर मैनेजमेंट स्ट्डीज से एमबीए किया है,जबकि इन दिनों पीएचडी की तैयारी कर रहे हैं। यूपीएसी परीक्षा में जामिया के मजामिल खान को 22 वां रैंक, शेख तनवीर आसिफ को 25वां, जफर इकबाल को 39वां, आरिफ हसन को 74वां, बसिमा काजी को 115वांक, शाहिल कासिम मीर को 125वां, विश्राम कुमार मीना को 146वां रैंक हासिल हुआ है। जामिया के सफल छात्रों में से चार टॉप सौ, नौ टॉप 5सौ में शामिल हैं। जबकि अन्य टॉप हजार में शामिल हैं।