दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) प्रशासन ने अब गैर शैक्षिक पदों की भर्तियों के लिए लिखित परीक्षा के बाद होने वाली साक्षात्कार की प्रक्रिया को खत्म कर दिया है। इस आदेश के जारी होने के साथ डीयू में समूह सी, डी और बी के लिए भर्ती प्रक्रिया जिसमें साक्षात्कार चल रहे थे, उसे रोक दिया है।
अब इसकी भर्तियां लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर होगा। बता दें कि दिसंबर, 2016 से पूर्व डीयू में लिखित परीक्षा के पश्चात साक्षात्कार के तहत चयन का प्रावधान था, लेकिन अब उसमें भारत सरकार के आदेश का पालन करते हुए केवल वरीयता के आधार पर नियुक्ति होंगी।
समूह सी, डी एवं बी के अराजपत्रित पदों व समकक्ष सभी पदों पर साक्षात्कार को समाप्त कर दिया गया है। विद्वत परिषद के सदस्य प्रो. हंसराज सुमन के मुताबिक, डीयू के गैर शैक्षिक कर्मचारियों की चयन प्रक्रिया के संबंध में लिया गया यह निर्णय सराहनीय व स्वागत योग्य है। इस निर्णय से ऐसे अभ्यर्थियों जो की मेहनत करके परीक्षा में तो अच्छे अंक प्राप्त कर लेते हैं, लेकिन सिफारिश के अभाव में नियुक्त होने से वंचित रह जाते हैं ।