बीआईसी में शनिवार को रेस देखने आए आईआईटी कानपुर के तीन छात्रों से लूटपाट करने वाले चार बदमाशों को दनकौर पुलिस ने दो घंटे बाद ही एनआईयू के नजदीक से गिरफ्तार कर लिया है।
उनके कब्जे से लूट के तीन मोबाइल, ऑटो, दो बाइक, दो तमंचे और दो कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि आईआईटी कानपुर के छात्र बीआईसी में चल रही रेस को देखने के लिए नोएडा में ठहरे हुए थे।
शुक्रवार को उनमें से तीन छात्र शोभित, संबित और शुभात दनकौर में स्थित बीआईसी में रेस देखने के लिए आए थे। रेस खत्म होने के बाद देर शाम नोएडा जा रहे थे।
छात्रों ने ऑटो किराये पर लिया। ऑटो चालक ने कुछ दूर चलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर सुनसान क्षेत्र में ऑटो रोक लिया और अपने बाइक सवार तीन साथियों को भी बुला लिया। चारों बदमाशों ने छात्रों से तमंचे के बल पर मोबाइल फोन और दो हजार की नकदी लूट ली और फरार हो गए। छात्रों ने घटना की सूचना पुलिस को दी थी।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों को पकड़ने के लिए आसपास के क्षेत्र में चेकिंग शुरू कर दी। दो घंटे के बाद कोतवाली पुलिस ने एनआईयू के नजदीक बदमाशों के खडे़ होने की सूचना पर चार बदमाशों को पकड़ लिया।
बदमाशों में फजर, आकिल, सलमान और शकील शामिल हैं। ऑटो में सवारी बैठाने के बाद ऑटो चालक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। ऑटो गिरोह के चारों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।