सरकारी कॉलेजों में कई ऐसी योजनाएं हैं, जिन्हें लेकर होनहार विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए फंड मिल सकता है। इसका लाभ आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थी व एससी/एसटी छात्र कॉलेज में दाखिला लेने के बाद उठा सकते हैं। सेक्टर-16 स्थित नेहरू कॉलेज की प्रिंसिपल विमला विश्नोई ने बताया कि कॉलेज में एससी/एसटी और बीसी छात्रों की संख्या ज्यादा है। सत्र 2015-2016 में एससी वर्ग के 242 छात्रों को छात्रवृत्ति मिली है।
मेरिट स्कॉलरशिप के तहत कॉलेज से उन 10 टॉपर लड़कियों के नाम यूनिवर्सिटी में भेजे जाते हैं, जिन्होंने सरकारी संस्थान से पढ़ते हुए 12वीं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हों। इस स्कॉलरशिप के तहत एक साल में तीन हजार रुपये की राशि मिलती है। किताबों के लिए दो हजार रुपये अलग से मिलते हैं।
पोस्ट मेट्रिक स्कॉलरशिप के तहत बेकवर्ड क्लास के विद्यार्थी लाभ उठा सकते हैं। इसमें एग्जाम फीस में छूट के साथ सालाना 20 हजार रुपये मिलते हैं। इस छात्रवृत्ति का वे विद्यार्थी फायदा उठा सकते हैं, जिनके परिजनों की सालाना आय एक लाख रुपये से अधिक न हो। अनुसूचित जाति छात्रवृत्ति प्रोत्साहन योजना के तहत एससी वर्ग की लड़कियों को सालाना पांच से चौदह हजार रुपये दिए जाते हैं। इसके लिए वे छात्राएं आवेदन कर सकती हैं, जिनके परिजनों की आय एक से ढाई लाख रुपये हो।
विश्नोई ने बताया कि छात्रवृत्ति के अलावा जरूरतमंद विद्यार्थियों को समय पर साइकिल, पुस्तक, ड्रेस आदि भी दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि सभी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन ऑफलाइन करने होंगे। मेरिट लिस्ट में जगह सुनिश्चित होने के साथ ही विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकते है।