डीयू में स्पोर्ट्स कोटे के तहत होने वाले दाखिलों के लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इस कोटे के लिए फिटनेस टेस्ट व ट्रायल की शुरुआत 24 जून से होगी। यह टेस्ट व ट्रायल दो जुलाई तक चलेंगे। लगभग 35 खेलों के मुुताबिक, विभिन्न कॉलेजों में ट्रायल व फिटनेस टेस्ट आयोजित होंगे।
खेल कोटे के दाखिलों में गड़बड़ी को रोकने के लिए इनकी वीडियोग्राफी भी की जाएगी। डीयू ने स्पोर्ट्स कोटे के दाखिलों के लिए सोमवार को तिथियां जारी कर दी है। उल्लेखनीय है कि इस बार ऑनलाइन आवेदन के तहत ही स्पोर्ट्स के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। 22 जून को ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके बाद ट्रायल व फिटनेस टेस्ट शुरू होंगे।
फिटनेस टेस्ट तीन स्तर पर लिया जाएगा। पहला रफ्तार, दूसरा क्षमता, तीसरा धैर्य। रफ्तार में दौड़ को देखा जाएगा जबकि क्षमता में लंबी कूद व धैर्य में 1000 मीटर की पैदल वॉक को परखा जाएगा। इन तीनों स्तरों में शतरंज के लिए किसी एक स्तर को छात्रों को क्वालिफाई करना होगा, जबकि क्रिकेट, फुटबॉल व वालीबॉल जैसे खेलों के लिए कोई दो स्तर क्वालिफाई करने होंगे। स्पोर्ट्स में दाखिले के लिए ट्रायल में छात्र को कम से कम 25 अंक लाने अनिवार्य है। कॉलेजों को ट्रॉयल की फोटोग्राफी करानी होगी और रिकॉर्ड को भी संभाल करना रखना होगा।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि फिटनेस टेस्ट व ट्रायल के दौरान अभिभावकों को परिसर के अंदर आने की इजाजत नहीं होगी। वहीं सेंट स्टीफंस कॉलेज में 21 जून को बैडमिंटन के ट्रायल होंगे। डीयू अधिकारी उनके ट्रॉयल के निरीक्षण के लिए उपस्थित होंगे। उल्लेखनीय है कि स्टीफंस कॉलेज निरीक्षण के लिए डीयू अधिकारियों की मौजूदगी के लिए तैयार हो गया है।