दिल्ली विश्वविद्यालय में अब पीजी कोर्सेज में दाखिले के लिए आयोजित हुई लिखित परीक्षा के रिजल्ट में देरी होती दिख रही है। दरअसल, रिजल्ट के लिए तय सीमा बीत जाने के बाद भी अब तक नतीजे जारी नहीं हुए। इस कारण छात्र भी पसोपेश में हैं कि दाखिला कैसे और कब होगा? छात्र डीयू में दाखिले को प्राथमिकता देते हैं, इस कारण से वे कहीं और दाखिला भी नहीं ले रहे हैैं।
डीयू ने 69 पीजी कोर्सेज व यूजी के 6 कोर्स के लिए लिखित प्रवेश परीक्षा का आयोजन पहली बार दिल्ली के अलावा पांच अन्य शहरों में 19 जून से 23 जून के बीच किया। पीजी कोर्स के लिए 1,29,084 आवेदकों ने देश भर से आवेदन किए। जिसमेें से दिल्ली, यूपी व हरियाणा से सबसे अधिक आवेदन किए गए।
इन अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा भी दी लेकिन अब तक रिजल्ट जारी नहीं होने के कारण छात्रों को काफी दिक्कत हो रही है। एलएलबी की प्रवेश परीक्षा का इंतजार कर रहे एक आवेदक ने बताया कि इन नतीजों के कारण वह अभी तक किसी दूसरी जगह भी दाखिला नहीं ले पा रहे हैं। उनका कहना है कि नतीजे जल्दी जारी होने चाहिए जिससे कि उनका एक साल खराब न हो।
बताया जा रहा है कि 4 जुलाई को तो रिजल्ट के चक्कर में डीयू की वेबसाइट पर छात्रों की आवाजाही ज्यादा होने से कुछ देर के लिए रफ्तार भी धीमी हो गई थी। हालांकि राहत की बात यह है कि यूजी कोर्सेज के अंतर्गत बीएलएड व बीएमएस, बीबीए व बीबीई के नतीजे जारी किए जा चुके हैं।