दिल्ली विश्वविद्यालय में सेंट्रल प्लेसमेंट सेल के तहत तीन दिवसीय कैंपस प्लेसमेंट के आखिरी दिन नामी कंपनी अमेजन व गाजियाबाद की टीचर सिटी पहुंची। इस मौके पर लगभग 100-100 छात्र दोनों कंपनियों के सामने उपस्थित हुए।
पूरे दिन चली लंबी प्रक्रिया देर शाम तक जारी रही। कंपनियां एक से दो दिन में डीयू प्रशासन को शॉर्ट लिस्ट उम्मीदवारों की जानकारी देगी। प्रशासन कैंपस प्लेसमेंट के इस राउंड को सफल मानकर चल रहा है।
डीयू में बुधवार से शुरू हुई कैंपस प्लेसमेंट प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को नामी कंपनी अमेजन पहुंची। कंपनी के समक्ष जर्मन, फ्रैंच, स्पेनिश, जापानी, चाइनीज व इटली में स्नातक अंतिम वर्ष के लगभग 100 छात्र उपस्थित हुए।
कंपनी ने छात्रों का ऑनलाइन व लिखित टेस्ट लिया। इसके बाद उन्हें पर्सनल इंटरव्यू के लिए बुलाया गया। देर शाम तक इंटरव्यू की प्रक्रिया जारी रही। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद कंपनी शॉर्ट लिस्ट छात्रों के नामों की घोषणा करेगी। उल्लेखनीय है कि कंपनी हैदराबाद व बेंगलरू के लिए 5.06 लाख से लेकर 5.86 लाख वार्षिक पैकेज ऑफर कर रही है।
आठ हजार छात्र पंजीकृत
डिप्टी डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. राकेश पराशर ने बताया कि टीचर सिटी को स्नातकोत्तर छात्र चाहिए थे। लिहाजा वह ग्रुप डिस्कशन करके चले गए। वे जल्द ही शॉर्ट लिस्ट छात्रों की सूची भेजेंगे। बता दें कि कैंपस प्लेसमेंट के लिए अक्तूबर में शुरू हुई पंजीकरण प्रक्रिया के तहत अब तक करीब आठ हजार छात्र पंजीकृत हो चुके हैं। डॉ. पराशर ने बताया कि इस राउंड के संपन्न होने के बाद अगला प्लेसमेंट का राउंड 30 व 31 जनवरी को होगा।