शहर के सेक्टर-23ए स्थित द नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान 835 विद्यार्थियों का उपाधियां दी गईं। यह सभी स्नातक व स्नातकोत्तर के विद्यार्थी हैं।
मेरिट के आधार पर 38 प्रतिभावान विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया। उपाधियों का प्राप्त कर विद्यार्थियों ने अपनी कैप हवा में उछाल खुशी जाताई।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर नीति आयोग के सदस्य अर्थशास्त्री डॉ. बिबेक देबरॉय मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को यह उपाधियां देश और समाज के सेवा और उत्थान के लिए दी गई हैं।
एक सजग व शिक्षित नागरिक होने के नाते समाज के प्रति उनका बड़ा दायित्व है। जिस पर खरा उतरने की जरूरत है। उपाधि पाने वाले कुल 835 छात्रों में बीटेक से 506, एमटेक से 128, बीबीए व एलएलबी के 53, एमबीए के 34, बीएससी मैथ के 10 एमएससी मैथ के 14, बीकॉम से 30, बीएसी इकोनॉमिक्स के 16 व एलएलएम से तीन छात्र शामिल हैं।
पीएचडी के तीन छात्रों को डिग्री बांटी गई। मेरिट लिस्ट में शामिल छात्रों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इन छात्रों ने कहा कि वह अपने दायित्व को हमेशा निभाएंगे। समारोह के दौरान सभी छात्र परंपरागत परिधानों में नजर आए। डिग्री लेने के बाद सीएसई-आईटी की स्वर्ण पदक विजेता सान्या गंभीर ने कहा कि वह महिला सशक्तिकरण की दिशा में काम करेंगी।