डीयू के नॉन कॉलिजिऐट वूमेन एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) में पहली कटऑफ के दाखिले सोमवार को समाप्त हो गए। पहली कटऑफ के आधार पर सोमवार तक सभी 25 सेंटरों पर लगभग 1600 दाखिले हो गए।
बारिश के बावजूद काफी संख्या में छात्राएं दाखिला लेने के लिए पहुंचीं। अब बुधवार (20 जुलाई) को दूसरी कटऑफ के आधार पर दाखिले होंगे। पहली कटऑफ में जिस तरह से 90 फीसदी से अधिक अंक वाली छात्राएं दाखिला ले रही हैं, उससे दूसरी कटऑफ में ज्यादा गिरावट होने की संभावना नहीं है।
एनसीवेब की निदेशक डॉ. अंजू गुप्ता ने बताया कि पहली कटऑफ के आधार पर तीन दिन चले दाखिला प्रक्रिया के तहत बीए व बीकॉम की लगभग 11,784 सीटों पर 1600 दाखिले हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि एनसीवेब का छात्राओं में क्रेज बढ़ रहा है। इसका कारण हैं कि उन्हें एनसीवेब में दाखिले के साथ-साथ नौकरी या फिर स्किल बेस्ड कोर्सेज करने का अवसर मिल जाता है। अब आगामी 20 जुलाई को सभी 25 सेंटर के लिए दूसरी कटऑफ जारी होगी। इसके आधार पर 20, 21, व 22 जुलाई तक दाखिले होंगे।