शिक्षा निदेशालय ने सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2017-18 के लिए एकेडमिक कैलेंडर जारी किया है। एकेडमिक कैलेंडर में निदेशालय ने दाखिला प्रक्रिया की तिथियों व स्कूलों में होने वाले अन्य कार्यक्रम व ग्रीष्मकालीन, शरद व शीतकालीन अवकाश के संबंध में जानकारी जारी की है।
अब सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में छठे से आठवीं तक की कक्षाओं में दाखिले 15 मार्च से शुरू होंगे। जबकि ग्याहरवीं में दाखिले की तिथि दसवीं कक्षा के रिजल्ट जारी होने के बाद जारी की जाएगी।
राजधानी के सभी सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के लिए यह कैलेंडर लागू होगा। कैलेंडर में दाखिले से लेकर पूरे होने वाले अवकाश व अन्य संचालित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी गई है।
कैलेंडर के मुताबिक छठी से आठवीं तक केदाखिले 15 मार्च से शुरु होकर 15 अप्रैल तक चलेंगे। जबकि ग्याहरवीं दाखिले दसवीं के रिजल्ट घोषित होते ही शुरू हो जाएंगे। इस कक्षा में दाखिले मेरिट आधार पर होंगे।
दाखिले के लिए पहली सूची 14 जून को आएगी जबकि इस सूची केआधार पर दाखिला लेने की अंतिम तिथि 17 जून निर्धारित की गई है। ग्याहरवीं में 31 जुलाई तक दाखिले पूरे कर लिए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि सरकारी स्कूलों में नर्सरी, केजी व पहली कक्षा में दाखिले की शुरुआत 4 मार्च से हो चुकी है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 18 मार्च है। ऑनलाइन ड्रॉ ऑफ लॉट्स 22 मार्च को होंगे और इसी दिन पहली सूची जारी की जाएगी।
इस सूची के आधार पर 23 मार्च से 30 मार्च तक दाखिले होंगे। जबकि दूसरी से पांचवीं तक में दाखिले तीन अप्रैल से शुरु होंगे और सात अप्रैल तक आवेदन किया जा सकेगा। ड्रॉ ऑफ लॉट्स 11 अप्रैल को होंगे।
ग्रीष्मकालीन अवकाश 11 मई से 30 जून तक
कैलेंडर में साफ किया गया है कि इस वर्ष ग्रीष्मकालीन अवकाश 11 मई से शुरु होंगे व 30 जून तक चलेंगे। वहीं दशहरा अवकाश(शरद अवकाश) इस बार महज दो दिन 28 सितंबर व 29 सितंबर को होंगे। उल्लेखनीय हैकि बीते साल यह अवकाश तीन दिन हुए थे। शीतकालीन अवकाश 28 दिसंबर से 15 जनवरी 2018 तक होंगे