सीबीएसई ने अप्रैल में हुए जेईई मेन ऑफलाइन व ऑनलाइन परीक्षा की अंतिम रैकिंग जारी कर दी है। इसमें ऑल इंडिया पहली रैंक दिल्ली के दीपांशु जिंदल, दूसरी रैंक गुड़गांव के प्रत्युष मैनी व तीसरी रैंक राजेश बंसल ने प्राप्त की।
वहीं रयाली गायत्री ने ऑल इंडिया 11वीं रैंक पाकर लड़कियों में टॉप पर रही। जेईई मेन में इस बार कुल 11,94,938 उम्मीदवार पंजीकृत हुए थे। इसमें से 11,28,633 उम्मीदवार परीक्षा में बैठे थे, जबकि चार ट्रांसजेंडर पंजीकृत हुए थे। इसमें से तीन परीक्षा में बैठे थे।
सीबीएसई की ओर से जारी रैकिंग में टॉप 1000 उम्मीदवारों में 853 छात्र हैं, जबकि 147 छात्राएं हैं। वहीं टॉप पांच हजार उम्मीदवारों में 4169 लड़के और 831 लड़कियां हैं। जहां तक बात टॉप 20 में आने वाले छात्रों की हैं तो सबसे अधिक 12 छात्र सीबीएसई बोर्ड के हैं। वहीं 6 तेंलगाना बोर्ड, 1 महाराष्ट्र बोर्ड व 1 आंध्र प्रदेश बोर्ड का छात्र है।