दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिले की दौड़ अपने अंतिम चरण में है। बावजूद छात्रों के पास अब भी कई कॉलेजों में दाखिले का अवसर है। यह अवसर पांचवीं कट ऑफ तक बने रहने की उम्मीद है।
दरअसल, कॉलेजों में दाखिले के साथ-साथ दाखिले रद्द भी हो रहे हैं। इस कारण से कुछ कॉलेज मेें तो संतुलन बन रहा है लेकिन, कई जगह असंतुलन बना हुआ है।खासकर साउथ कैंपस के कॉलेजों में। कॉलेज प्रिंसिपल का कहना है कि नॉर्थ कैंपस के दाखिले बंद नहीं होने के कारण साउथ कैंपस के कुछ कॉलेजों से सीटें खाली हो रही हैं।
चौथी कटऑफ लिस्ट के दाखिले के दूसरे दिन बारिश ने दाखिलों पर थोड़ा ब्रेक लगाए रखा। कई कॉलेजों में बीकॉम व बीकॉम ऑनर्स, व ईको ऑनर्स, अंग्रेजी ऑनर्स में कुछ एक जगह सीटें खाली भी हैं।
लेकिन कई कॉलेजों में दाखिले रद्द भी कराए जा रहे हैं। आर्य भट्ट के प्रिंसिपल डॉ. मनोज सिन्हा कहते हैं कि इस बार यह हैरान करने वाला है कि चौथी कटऑफ लिस्ट तक दाखिले हो रहे हैं।
उनके यहां पहली कटऑफ तक लगभग 300 दाखिले हो गए थे लेकिन बाकी कटऑफ में हुए दाखिले रद्द होने के कारण दाखिलों की संख्या घट गई थी। उन्होंने कहा कि सोमवार को दाखिलों के बाद अंदाजा लगाया जा सकेगा कि पांचवीं लिस्ट कितनी कम करनी पड़ेगी।