मिहिर भोज पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में सांध्यकालीन कक्षाएं चलवाने की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को कॉलेज में हंगामा कर गेट पर ताला जड़ दिया। हंगामे की सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंची।
छात्र-छात्राओं ने तहसील में प्रदर्शन कर तहसीलदार को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। कॉलेज में बीए, बीएससी समेत अन्य पाठ्यक्रमों की सांध्यकालीन कक्षाएं चलवाने की मांग काफी समय से हो रही है।
आश्वासन के बावजूद कार्रवाई न होने से नाराज छात्र-छात्राओं ने शुक्रवार को कॉलेज में हंगामा कर गेट पर ताला जड़ दिया। कॉलेज प्रशासन ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्रों ने उनकी एक न सुनीं।
उसके बाद छात्र नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचे और प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी के नाम ज्ञापन तहसीलदार प्रवीन यादव को सौंपा। साथ ही चेतावनी दी कि अगर उनकी समस्या का समाधान समय से नहीं हुआ, तो आंदोलन चलाया जाएगा।