चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय छात्रों की सुविधा के लिए फरवरी में मोबाइल ऐप लांच करने जा रहा है। ऐप के माध्यम से छात्रों को मोबाइल पर ही विश्वविद्यालय की सभी जानकारी मिल जाएगी। यही नहीं, इसके जरिए शिकायत से लेकर फीस तक जमा करा सकेंगे। अभी तक छात्रों को ऑनलाइन सुविधाओं के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाना पड़ता है।
बता दें कि बीते वर्ष एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय की ओर से वन व्यू नाम से मोबाइल ऐप लांच किया गया था। इसी ओर कदम बढ़ाते हुए सीसीएसयू मोबाइल ऐप को तैयार करवा रहा है।
अभी इस ऐप का आईटी कंपनी की ओर से परीक्षण किया जा रहा है। परीक्षण के दौरान अगर ऐप में कोई कमी मिलती है तो उसको दूर किया जाएगा। ऐप के जरिए छात्र विश्वविद्यालय प्रशासन से सीधे जुड़ सकेंगे।
सबसे अधिक सुविधा शिकायत करने वालों को मिलेगी। छात्रों की शिकायत का विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से एक सप्ताह के अंदर निस्तारण किया जाएगा। ऐप पर विश्वविद्यालय से संबंध कॉलेजों के सात लाख छात्रों को लाभ मिलेगा। यह जानकारी विवि के रजिस्ट्रार दीपचंद ने दी।
छात्र ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उत्तर पुस्तिका देखने के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के बाद विश्वविद्यालय संबंधित छात्र को लॉगिन आईडी व पासवर्ड निर्धारित मोबाइल नंबर पर भेजेगा, जो दो सप्ताह तक वैध रहेगा। छात्र इसके माध्यम से घर बैठे अपनी उत्तरपुस्तिका देख सकेंगे।