केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने जेईई मेन के बाद बारहवीं बोर्ड की फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा देने वाले छात्रों को बड़ी राहत दी है। बोर्ड ने फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा तिथि में बदलाव कर दिया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा 9 अप्रैल को होनी तय थी। लेकिन अब सीबीएसई ने यह निर्णय लिया है कि यह परीक्षा 13 अप्रैल को सुबह 10.30 बजे होगी।
सीबीएसई की ओर यह निर्णय इसलिए लिया गया है जिससे कि छात्र जेईई मेन की परीक्षा में बैठने से ना चूकें और छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो। दरअसल जेईई मेन(ऑनलाइन) परीक्षा 8 अप्रैल को होनी है। इस परीक्षा केअगले दिन 9 अप्रैल को बारहवीं की फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा तय थी।
ऐसे में छात्रों की चिंता का कारण यह था कि जो विद्यार्थी जेईई की परीक्षा के लिए दूसरे शहरों में परीक्षा देने जाएंगे उनकेलिए फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा देने में कठिनाई आ सकती है। समय से परीक्षा पर नहीं पहुंचने के कारण परीक्षा छूट भी सकती है। ऐसे में बोर्ड ने छात्रों की चिंता को समझते हुए फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा की तिथि को 9 अप्रैल की जगह 13 अप्रैल कर दिया है।
दरअसल बड़ी संख्या में छात्र फिजिकल एजुकेशन को अतिरिक्त विषय केरुप में लेते हैं। सीबीएसई ने साफ किया है कि दसवीं-बारहवीं के अन्य विषयों के परीक्षा पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही होंगे।