दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनावों के लिए चुनाव समिति की घोषणा होते ही कैंपस का माहौल सियासी हो गया है। छात्र संगठन प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं। भावी प्रत्याशियों के चयन के लिए किलेबंदी शुरू हो गई है।
उधर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने प्री-कैंपेन के जरिए अपनी धमक दिखानी शुरू कर दी है। इसके जरिए डूसू के दंगल के लिए नौ उम्मीदवारों के नाम तय किए हैं। इनमें से चार को एबीवीपी मैदान में उतारेगी।
एबीवीपी ने इन कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार से प्रचार शुरू कर दिया। इस बार एबीवीपी की उपलब्धियों व मुद्दों को छात्रों के बीच रखने के लिए रणनीति बनाई गई है।
चारों सीट पर जीत का दावा कर रही एबीवीपी के प्रदेश मंत्री भरत खटाना ने बताया कि कैंपेन के लिए नौ कार्यकर्ताओं का चयन किया गया है। यह भावी प्रत्याशी डीयू में पिछले वर्ष की उपलब्धियों के साथ आगामी जिन मुद्दों के लिए एबीवीपी संघर्ष करेगी उसे भी छात्रों के सामने रखेंगे।