गौतमबुद्धनगर जनपद में पिछले साल 325 स्कूल बिना मान्यता के चल रहे थे। स्कूलों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई के आदेश दिए थे। सभी स्कूलों को बंद करने के नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद इस वर्ष 329 स्कूलों ने मान्यता के लिए आवेदन किया था। इनमें से 217 को मान्यता मिल गई है।
गौतमबुद्धनगर जनपद में आगामी सत्र शुरू होने से पहले सवा तीन सौ स्कूलों ने मान्यता के लिए आवेदन किया था। इनमें से कई को जूनियर हाईस्कूल और प्राइमरी स्कूल के लिए मान्यता दी गई थी। इसको लेकर मंडलीय स्तर से दो बार समिति की बैठक हुई।
पहली बैठक में 119 और दूसरी बैठक में 55 स्कूलों की मान्यता दी गई। वहीं गौतमबुद्धनगर की जिला स्तर की समिति ने हिंदी माध्यम के लिए कक्षा एक से पांच तक के 37 स्कूलों को मान्यता दी। अभी भी जनपद में 112 स्कूल बिना मान्यता के हैं।
हालांकि, शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बिना मान्यता के किसी भी स्कूल को चलने नहीं दिया जाएगा। सत्र शुरू होने के बाद ऐसे स्कूलों की दोबारा जांच की जाएगी। अगर किसी स्थान पर बिना मान्यता के स्कूल पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।