गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) आज से यहां अवैध रूप से निर्मित इमारतों के खिलाफ व्यापक स्तर पर अभियान शुरू करेगा। जीडीए पहले ही इस तरह के 27 ढांचे गिरा चुका है।
आज से शुरू हो रहे अभियान के तहत जीडीए अवैध रूप से निर्मित और जीर्ण शीर्ण हालत वाली इमारतों को सील करेगा और गिराएगा। जीडीए के उप प्रमुख एवं जिला मजिस्ट्रेट रितु माहेश्वरी ने कहा कि 650 इमारतों की पहचान कर ली गयी है और इस महीने के आखिर तक प्राधिकरण एवं नगर निगम उन्हें सील कर देंगे।
उन्होंने कहा कि किसी को भी नहीं बख्शा जाएगा, जहां वह कोई भी हो। कुछ दिन पहले गाजियाबाद के तीन भाजपा विधायकों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर जीडीए की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए सलाह दी थी कि अवैध इमारतों को गिराए जाने की बजाए प्रधानमंत्री आवास योजना का हिस्सा बना दिया जाए। उत्तर प्रदेश के शहरी विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कल मीडिया से कहा था कि अवैध इमारतों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।