अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की नई दिल्ली रेंज के ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने एनडीएमसी के साथ मिलकर अवैध पार्किंग और गलत दिशा में ड्राइविंग के खिलाफ पांच मई को एक दिन का विशेष अभियान चलाया। जिसमें कुल 201 वाहनों के चालान किए गए।
नई दिल्ली रेंज के पुलिस उपायुक्त शोभित सक्सेना ने बताया कि ये अभियान बाबा खड़क सिंह मार्ग पर हनुमान मंदिर के बाहर, अवैध पार्किंग और गलत साइड ड्राइविंग को रोकने के लिए चलाया गया। लोगों को कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन के पास स्थित एनडीएमसी मल्टी-लेवल कार पार्किंग, बीकेएस मार्ग और बीकेएस मार्ग पर श्री हनुमान मंदिर के सामने स्थित कार पार्किंग में वाहनों को पार्क करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हाेंने बताया कि अभियान के दौरान 88 ई-चालान, 108 अन्य चालान और एनडीएमसी की क्रेन ने 5 वाहनो को टो किया। कुल 201 चालान किए गए।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि ट्रैफिक के विपरीत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कनॉट प्लेस में मामला दर्ज किया गया है। उनका कहना है कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस, नागरिक एजेंसियों के समन्वय से, ट्रैफिक की सुचारू आवाजाही और पैदल चलने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान चलाती रहेगी।