इंद्रलोक दुष्कर्म मामले में आरोपी कैब चालक को पुलिस ने तीन दिन के रिमांड के बाद कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वहीं, आरोपी को कोर्ट में पेश किए जाने व वकीलों की हड़ताल को देखते हुए पुलिस का सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। हड़ताल कर रहे वकीलों ने आरोपी की पैरवी करने आए अधिवक्ता को पेश नहीं होने दिया।
सराय रोहिल्ला पुलिस ने बृहस्पतिवार को शिव कुमार यादव को लिंक एमएम रविंद्र कुमार पांडेय के सामने पेश किया। कोर्ट में पुलिस ने आवेदन दायर कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने का आग्रह किया।
कोर्ट में जांच अधिकारी एसआई रेणु को फटकार लगने के बाद अन्य इंवेस्टीगेशन ऑफिसर (आईओ) ने अदालत को बताया कि मोबाइल, कार और अन्य केस प्रॉपर्टी बरामद कर ली गई हैं।
पीड़िता का बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज करवाया जा चुका है। आरोपी चालक का ड्राइविंग लाइसेंस फर्जी मिलने पर बुराड़ी थाने में फर्जीवाड़े व धोखाधड़ी का भी मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
इसके बाद अदालत ने केस की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।