एक कैब चालक ने नॉर्थ-ईस्ट के निवासियों को लेकर नस्लीय टिप्पणी की। मणिपुरी निवासी युवती का आरोप है कि उबर चालक ने उस वक्त रंगभेदी टिप्पणी की, जब वह कैब में ग्रेटर नोएडा से लाजपत नगर (दिल्ली) आ रही थी।
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बाबत पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है और न ही पुलिस ने कोई मामला दर्ज किया है।
मणिपुरी की युवती बुधवार रात को उबर कैब में ग्रेटर नोएडा से दिल्ली के लाजपत नगर आ रही थी। पीड़िता अनुसुईया वासु ने कहा कि यात्रा के दौरान चालक ने सीधे तौर पर तो उसे कुछ नहीं कहा, मगर वह अपने किसी दोस्त से फोन पर बातें कर रहा था।
उसने फोन पर बात करते हुए दोस्त से मणिपुर व नार्थ-ईस्ट के निवासियों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके साथ उसके कॉलेज का जूनियर भी था। इस टिप्पणी का उस जूनियर पर असर पड़ा है।
दक्षिण-पूर्वी जिले के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम तक इस बाबत कोई शिकायत नहीं मिली। फिर भी पुलिस जांच कर रही है। अगर कोई दोषी पाया गया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।