वैसे तो सरकार ने सरकारी कर्मचारियों के लिए काम करने का समय सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित कर रखा है। लेकिन यहां के जिला उपायुक्त उक्त टाइम को बढ़ाकर काम करने का समय सुबह 9:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक कर दिया है। यानी अब कर्मचारियों को नौ घंटे काम करना होगा।
किस कारण से टाइम बढ़ाया गया है, इसकी कोई जानकारी नहीं है। उपायुक्त के इस आदेश से कर्मचारियों की बेचैनी बढ़ गई है। पिछले दिनों जिला उपायुक्त चंद्रशेखर ने एक और फरमान जारी किया था, जिसमें बैठकों में शामिल होने वाले अधिकारियों को लंच के लिए 200 रुपये जमा कराना अनिवार्य कर दिया है।
इसके बाद उन्होंने शाम 6:00 बजे तक काम करने का फरमान सुना दिया है। सभी अधिकारियों को भेजे पत्र में उपायुक्त ने लिखा है कि कामकाज को सुचारु रूप से चलाने के लिए अब सभी कर्मचारी छह बजे तक कार्यालय में उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा बगैर सूचना के कोई मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। कर्मचारियों का कहना है कि कब तक छह बजे तक काम करना होगा अथवा किस कारण ऐसा किया गया है, इसका पत्र में कोई उल्लेख नहीं है। इस बारे में जिला उपायुक्त से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।