ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित वेदांतम बिल्डर प्रोजेक्ट के फ्लैट खरीदारों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। खरीदारों ने साइट पर प्रदर्शन किया। उसके बाद साइट से गौड़ चौक तक पैदल मार्च निकाला। रविवार की छुट्टी का मजा लेने के बजाय खरीदार परिवार के साथ इस धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए।
वेदांतम प्रोजेक्ट के 100 से अधिक फ्लैट खरीदार रविवार सुबह करीब 11 बजे सेक्टर-16सी स्थित साइट पर पहुंच गए और दोपहर दो बजे तक धरना प्रदर्शन किया। खरीदारों ने फ्लैट का कब्जा मांग की। उसके बाद साइट से गौड़ चौक पैदल मार्च किया।
मार्च में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए। इसका नेतृत्व कर रहे वेदांतम बायर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरेश चंद्रा ने किया। अमरेश ने बताया कि बिल्डर ने 2010 में करीब 840 फ्लैटों का प्रोजेक्ट लांच किया था। तब बिल्डर ने तीन साल में कब्जा देने का वादा किया था।
पहले बिल्डर ने सभी फ्लैट एक साथ बनाकर देने का वादा किया था। अब इसका निर्माण दो फेज में कर रहा है। 400 फ्लैटों का पहला फेज भी अब तक अधूरा है। दूसरा फेज तो पता नहीं कब पूरा होगा।