-सुनहरी गोटे से सजी आकर्षक चुनरियां ग्राहकों का खींच रही ध्यान
पूर्वी दिल्ली। पितृ पक्ष की शांति के बाद अब पूर्वी दिल्ली के बाजारों में माता के जयकारे गूंजने को तैयार हैं। 11 अक्तूबर से शुरू होने वाले शारदीय नवरात्र को लेकर बाजारों में रौनक लौट आई है। मां के स्वागत के लिए बाजार रंग-बिरंगी गोटे वाली लाल चुनरियों से सज गए हैं। भक्ति के रंग में रंगे बाजारों में ग्राहक और व्यापारी दोनों उत्साहित नजर आ रहे हैं।
शाहदरा, मौजपुर, भजनपुरा और कृष्णा नगर समेत पूर्वी दिल्ली के प्रमुख बाजारों में नवरात्र की तैयारियां तेज हैं। दुकानों पर माता की लाल रंग की गोटे वाली चुनरियां, पूजा सामग्री और शृंगार का सामान सजा हुआ है। लाल रंग के आकर्षक कपड़े और किनारों पर सुनहरी गोटे से सजी चुनरियां ग्राहकों का ध्यान खींच रही हैं। इनकी मांग इस बार काफी बढ़ी है।
पितृ पक्ष के दौरान खरीदारी धीमी रहने के बावजूद लोगों ने नवरात्र की तैयारियां पहले ही शुरू कर दी थीं। कई ग्राहकों ने अपनी पसंद के सामान की अग्रिम बुकिंग करा दी, ताकि नवरात्र शुरू होने के बाद बढ़ने वाली भीड़ के बीच उनका मनपसंद सामान उपलब्ध रहे। व्यापारियों का कहना है कि ग्राहकों की बढ़ती मांग को देखते हुए उन्होंने सामान्य दिनों की तुलना में अधिक स्टॉक मंगाया है।
-
नवरात्र को लेकर बाजार में हर साल से अधिक रौनक है। मांग कई गुना बढ़ी है, इसलिए इस बार अधिक स्टॉक मंगाया है। -महेंद्र, दुकानदार
पितृ पक्ष में खरीदारी नहीं हुई, लेकिन लोगों ने पहले ही ऑर्डर बुक करा दिए थे। नवरात्र शुरू होते ही भीड़ बढ़ेगी। -रजनीश, दुकानदार
माता के शृंगार के सामान के दाम बढ़े हैं, लेकिन श्रद्धालुओं की खरीदारी पर इसका खास असर नहीं दिख रहा है। -विपिन साहू, दुकानदार
गोटे वाली लाल चुनरियों की मांग सबसे अधिक है। आकर्षक डिजाइन के कारण ग्राहक इन्हें पसंद कर रहे हैं और ऑर्डर भी दे रहे हैं। -लक्ष्य शर्मा, दुकानदार