दबंगों ने महिला की कार पर फेंके पत्थर
- फोटो : अमर उजाला
नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में दो मई की रात को भारतीय विदेश सेवा की एक महिला की कार पर बीएमडबल्यू सवार हमलावरों ने ईंट पत्थर बरसाए। साथ ही महिला की कार का दो किलोमीटर तक पीछा किया। इस दौरान महिला पुलिस अधिकारी के कार्यालय में भी पहुंची, लेकिन वहां भी मदद नहीं मिली। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर खुद ही मामले का संज्ञान लिया है। आरोपियों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई करने की बात कही है, लेकिन आरोपी कौन हैं इसका खुलासा नहीं किया है। इस मामले में महिला ने शिकायत नहीं की है।
पूरी घटना कार के डेसबोर्ड पर लगे कैमरे में कैद हो गई है। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि घटना आईएफएस विला के पास की है। घटना वाली रात करीब एक बजे ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे महिला अपने परिवार के साथ फोर्ड ईकोस्पोर्ट कार से जा रही है। अचानक बीएमडब्ल्यू कार सवार लोग महिला की कार को ओवरटेक करते हैं। यह देखकर महिला अपनी कार को रोकर पीछे करती है और जल्दी से मोड़ कर वहां से कार दौड़ाती है।
इस दौरान हमलावर महिला की कार का पीछा करते हैं। कार नहीं रुकती है तो वह कार पर ईंट पत्थर फेंकते हैं। महिला वहां से कार निकाल ले जाती है तो हमलावर महिला का दो किलोमीटर तक पीछा करते हैं। बताया जा रहा है कि महिला नालेज पार्क में एक पुलिस अधिकारी के कार्यालय भी पहुंची थी, लेकिन वहां से कोई मदद नहीं मिली। एक अन्य वीडियो में महिला को जल्दी-जल्दी थाने पहुंचने की बात कहते सुना जा सकता है।
एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि महिला की कार का पीछा करने के मामले में दोनों पक्षों की गाड़ियां आपस में टकरा गई थीं। इसको लेकर विवाद हुआ था। पूरे मामले का थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने स्वत: संज्ञान लिया है इसके बाद आरोपियों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जा रही है।