नोएडा में सरकारी डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। मरीज के सिर में गोली फंसी हुई थी और डॉक्टर ने घाव को मामूली चोट बता पट्टी करके घर भेज दिया था। जब तीन दिन बाद पीड़ित के सिर में दर्द हुआ तो निजी अस्पताल में कराई जांच में सच सामने आया।
डॉक्टरों की लापरवाही पर पीड़ित परिवार ने शुक्रवार को प्रदर्शन भी किया। सीएमओ ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। बीती चार अगस्त को रीलखा गांव निवासी महेश का भतीजा एलकार गांव के ही सब्जी विक्रेता शरीफ के साथ सिकंदराबाद से गाड़ी में सब्जी भरकर ला रहा था।
दनकौर-सिकंदराबाद रोड पर कनारसी गांव के बदमाशों ने करीब 4 किलोमीटर तक उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। घटना के वक्त शरीफ सिर में गोली लगने से घायल हुआ था।
पीड़ित को पुलिस ने पहले दनकौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। जहां पर डॉक्टर ने गोली की वजह से मामूली घाव बताते हुए जिला अस्पताल में एक्सरे के लिए रेफर किया था। यहां डॉक्टरों ने एक्सरे किया, लेकिन पीड़ित परिवार को अगले दिन आने के लिए कहा।