ग्रेटर नोएडा के दनकौर के देवटा गांव में घर से किसी काम से निकली वृद्धा पर सांड ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में सांड का सींग महिला के पेट में घुस गया। गंभीर अवस्था में परिवार के लोगों ने वृद्धा को ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
देवटा गांव निवासी शांति देवी पत्नी विजयपाल सिंह भाटी बुधवार सुबह घर से किसी काम के लिए बाहर निकली थीं। रास्ते में एक लावारिश सांड ने अचानक वृद्धा पर हमला कर दिया। हमले में सांड का सींग वृद्धा के पेट में घुस गया। महिला गंभीर रूप से लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई। इस दौरान राहगीरों ने महिला को सांड से बचाया और परिजन को सूचना दी। परिजन वृद्धा को गंभीर हालत में ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल ले गए।यहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में लावारिश गोवंश की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अक्सर लावारिश सांड आपस में भिड़ंत कर एक दूसरे को घायल कर देते हैं। इन भिड़ंत में राहगीर घायल हो जाते हैं। वहीं, कई बार सांड राहगीरों पर ही हमला कर उन्हें घायल कर देते हैं। कई बार प्राधिकरण के अधिकारियों से भी ग्रामीणों द्वारा शिकायत की गई है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जाता है।
नहीं भेजा जा रहा गोशालाओं में गोवंश
शासन के आदेशों के बाद गोशालाएं बनाई गईं हैं लेकिन गोवंशों को टीमें नहीं ले जाती हैं। खर्च बचाने के लिए प्राधिकरणों की बनाई गई गोशालाओं में इन गोवंशों को नहीं ले जाया जाता है। इसीलिए सड़कों पर सांड उत्पात मचाते हैं। इन घटनाओं का जिम्मदार गोशाला तक गोवंशों को न पहुंचाना है।