बुलंदशहर लोकसभा सीट से वर्ष 2009 में समाजवादी पार्टी से सांसद चुने गए कमलेश वाल्मीकि की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिछले तीन दिनों से उनके घर से बाहर नहीं निकलने पर परिजन मुख्य दरवाजों को तोड़कर अंदर दाखिल हुए। अंदर कमरे में देखा तो पूर्व सांसद का शव फोल्डिंग पलंग पर पड़ा था। शव नीला पड़ा था इसलिए जहर से मौत की आशंका जता रहे हैं।
खुर्जा नगर के मोहल्ला बुर्ज उस्मान ईदगाह मार्ग निवासी पूर्व सांसद कमलेश वाल्मीकि (54) सुपुत्र गुरुप्रसाद अपनी पत्नी सविता और 18 वर्षीय इकलौते पुत्र वासू के साथ रहते थे।
गत शनिवार को वह अपनी पत्नी व पुत्र को हापुड़ जनपद के पिलखुवा स्थित ससुराल में छोड़ने गए थे। वहां से शाम को वापस खुर्जा स्थित घर लौट आए। देर रात करीब साढ़े दस बजे वह घर के दोनों मुख्य द्वार बंद कर अपने कमरे में सोने चले गए थे। रविवार को वह घर से बाहर नहीं निकले।
वहीं, सोमवार शाम तक भी कमलेश वाल्मीकि के घर से बाहर नहीं निकलने पर उनके भतीजे ललित और परिवार के अन्य सदस्य उनके घर पहुंचे। उन्होंने देखा तो मकान के दोनों मुख्य दरवाजे अंदर से बंद थे।
उन्होंने दरवाजों को तोड़कर खोला तो अंदर वाले कमरे में फोल्डिंग पर पूर्व सांसद का शव मिला। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी। परिजन मौत को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं बता रहे हैं। हालांकि हार्टअटैक या फिर जहर से मौत की आशंका जता रहे हैं।
पूर्व सांसद की मौत के मामले में कई तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।- गोपाल सिंह, सीओ खुर्जा