ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में मंगलवार को खरीदारों और प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी पीसी गुप्ता के समक्ष बिल्डरों ने जल्द पजेशन का वादा किया। बैठक में प्राधिकरण ने एक्शन प्लान बनाने की बात कही। जिसके अंतर्गत समय-समय पर प्राधिकरण की टीम प्रोजेक्ट पर जाकर जांच करेगी। वहीं, बायर्स की जल्द रजिस्ट्री हो सके इसके लिए जल्द से जल्द कंप्लीशन प्रक्रिया पूरी करने की बात कही गई।
आम्रपाली, सुपरटेक और यूनिटेक बिल्डर्स कंपनी की ओर से उनके चेयरमैन, प्रतिनिधि और उनके विभिन्न प्रोजेक्टों से जुड़े खरीदार मंगलवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में पहुंचे और अपनी समस्याएं रखीं। जिसमें बिल्डरों ने ने जल्द से जल्द पजेशन देने, पजेशन देने में देरी होने पर मुआवजा राशि देने समेत अन्य समस्याओं को हल करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान एसीईओ के अलावा सुपरटेक के चेयरमैन आरके अरोड़ा, आम्रपाली और यूनिटेक के प्रतिनिधि समेत प्राधिकरण के प्लानिंग और अन्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
क्या है एक्शन प्लान
प्राधिकरण के एक्शन प्लान के अंतर्गत निर्माण कार्य पूरा होने पर जल्द से जल्द कंप्लीशन देने और सभी प्रोजेक्ट की समय-समय पर जांच की जाएगी। वहीं, बिल्डरों की ओर से भी टीम गठित की जाएगी। जिसमें एक उच्चाधिकारी नियुक्त किया जाएगा। जिससे खरीदार अपनी समस्या रख सकेंगे।
खरीदारों से बातचीत
आम्रपाली लेजर पार्क का 2010 में फ्लैट बुक कराते के समय बिल्डर ने 2013 में पजेशन देने का वादा किया था। इसके बाद किसानों के विरोध के चलते समय बढ़ाते रहे। ऐसे में खरीदार तो फंसा हुआ महसूस कर रहा है। - मनोज आहूजा
वर्ष 2010 में सुपरटेक इकोविलेज-2 की बुकिंग कराई थी। खरीदारों ने 90 फीसदी से अधिक पैसा भी जमा करा दिया। हमारी तो न बिल्डर्स सुन रहे हैं और न ही सरकार। - अशोक कंबोज
छह साल पहले फ्लैट बुक कराया था। बैंक में जॉब से अब रिटायरमेंट का वक्त भी आ गया है। कश्मीर से यहां आने के बाद फ्लैट का किराया भी देना पड़ रहा है और अपना घर भी नहीं मिल रहा। - अशोक खजांची