मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को प्रधानमंत्री पर हमला बोला। नरेंद्र मोदी को दिल्ली के लिए हानिकारक बताते हुए केजरीवाल ने लोगों से कहा कि अगर वे अपने बच्चों से प्यार करते हों तो मोदी को वोट मत दें। केजरीवाल बवाना इलाके की 11 कच्ची कालोनियों में विकास कार्य की शुरुआत करने के दौरान बोल रहे थे।
केजरीवाल ने एक बार फिर दुहराया कि केंद्र सरकार बीते चार सालों से दिल्ली सरकार के काम में टांग अड़ा रही है। दिल्ली में स्कूल बनाने के लिए तीन साल पहले पैसा दिया था, लेकिन केंद्र ने फाइल अटका दी।
लड़-लड़कर 11000 कमरे पास करवाए। केजरीवाल ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी दिल्ली के लिए हानिकारक हैं। अगर वह दोबारा प्रधानमंत्री बन गए तो स्कूल नहीं बनने देंगे। नाली, गली बनने से रोक देंगे। सीसीटीवी का काम नहीं होगा। मोदी को वोट दिया तो दिल्लीवालों को जीना मुश्किल हो जाएगा।
केजरीवाल ने कहा कि अगर सातों सांसद आप के जीते तो दिल्ली में सीलिंग नहीं होगी, मेट्रो का किराया नहीं बढ़ेगा। सारी कच्ची कालोनियां पक्की होंगी। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा वालों ने यूपी-बिहार के 30 लाख लोगों के वोट कटवा दिए थे।