बसपा सांसद की फैक्ट्री का दूध नमूना फेल होने के मामले में सोमवार को उनकी पारस कंपनी को नोटिस जारी कर दिया गया। कंपनी प्रबंधन/मालिकों से एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी गई है।
रेगुलेशन वायलेशन मामले में जारी नोटिस में उनसे लोगों को गुमराह कर दूध बिक्री करने और एक्ट का उल्लंघन करने पर जबाव मांगा गया है। पिछले सप्ताह गौतमबुद्धनगर के बसपा सांसद सुरेंद्र नागर की पारस डेयरी का नमूना फेल हो गया था।
डेयरी की देखभाल सांसद के छोटे भाई नरेंद्र नागर करते हैं। डीओ विनीत कुमार यादव ने बताया कि पारस डेयरी के दूध का नमूना रेगुलेशन वायलेशन पर गड़बड़ मिला था। पारस कंपनी के दूध पैक पर खराब होने के निर्देश स्पष्ट नहीं थे, ऐसे में इसके एक्सपायर होने का पता ही नहीं चलता था।
बेस्ट बिफोर और तारीख अपठनीय थे। इसकी आड में खराब दूध की बिक्री की जा सकती है। सोमवार को आरोपियों को नोटिस जारी कर दिया गया।