गाजियाबाद से अंशय कालरा बसपा उम्मीदवार
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद लोकसभा सीट पर बसपा ने पहली बार पंजाबी कार्ड चला है। युवी उद्यमी अंशय कालरा को टिकट दिया गया है। आरडीसी स्थित पार्टी के जिला कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता के दौरान बसपा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी शमसुद्दीन राईन ने प्रत्याशी के नाम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बसपा का गठबंधन जनता के साथ है। सर्व समाज को बसपा सम्मान दे रही है।
पश्चिम में त्यागी, ब्राह्मण, मुस्लिम, पंजाबी, पिछड़ों को टिकट देकर बसपा ने यह साबित भी कर दिया। इस बार बसपा ने ऐसे समाज और वर्ग को चुनाव लड़ने का मौका दिया है, जिनको दूसरे दलों ने केवल अपना वोट बैंक समझा और उनको कभी राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं दिया। राईन ने कहा कि सपा के साथ गठबंधन बसपा की सबसे बड़ी भूल थी।
इस मौके पर मुख्य सेक्टर प्रभारी मेरठ मंडल राजकुमार गौतम, जिला पंचायत सदस्य अनिल गौतम, जिलाध्यक्ष दयाराम सैन, कुलदीप कुमार, तिलक चौधरी मौजूद रहे। कौशांबी निवासी अंशय कालरा ने कहा कि उनके दिल्ली एनसीआर में कंस्ट्रक्शन समेत कई व्यवसाय हैं। उनकी राजनीति की शुरूआत इस बार गाजियाबाद से ही हो रही है। बेरोजगारी को दूर करने के लिए उन्होंने राजनीति में आने का निर्णय लिया। गाजियाबाद में व्यवसाय को बढ़ावा देना, रोजगार के नए अवसर पैदा करना उनकी प्राथमिकता है।