दहेज न देने पर आरोपी पानी गर्म करने की रॉड से दागता था पति, तीन तलाक देकर भागा आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शाहदरा जिला के फर्श बाजार इलाके में महज 22 साल की नवविवाहिता के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। दहेज की मांग पूरी न होने पर आरोपी पति अपनी पत्नी को पानी गर्म करने की रॉड से उसके शरीर पर दाग रहा था। आरोपी ने उसके हाथ-टांगों के अलावा शरीर के दूसरे हिस्सों को भी दागा हुआ है।पीड़िता ने विरोध जताकर इसकी सूचना पुलिस को देने की धमकी दी तो आरोपी महिला को तीन तलाक देकर फरार हो गया। पीड़िता अपने मायके पहुंची और उसके परिजन मंगलवार को गुनगुन (22) को लेकर फर्श बाजार थाने पहुंचे। पीड़िता की हालत देखकर फौरन उसका इलाज करवाया गया। बाद में पुलिस ने पीड़िता का बयान लेकर प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
जमानत पर बाहर था आरोपी
पुलिस के मुताबिक न्यू संजय अमर कालोनी की रहने वाली गुनगुन की इसी साल 14 फरवरी को शराफत से शादी हुई थी। शादी के बाद शराफत पत्नी को लेकर बिहारी कालोनी में किराए के कमरे में आ गया। आरोप है कि दहेज न मिलने पर आरोपी पत्नी के साथ मारपीट करता था।
परिजनों ने आरोपी की पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार भी कर लिया। बाद में वह जमानत पर बाहर आ गया। उसने लड़की और परिजनों से माफी मांग ली। बाद में दोनों दोबारा साथ रहने लगे। आरोप है कि शराफत ने गुनगुन को गर्म पानी की रॉड से दागना शुरू कर दिया। पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी।